कोंटा, सुकमा, 09 जून 2025
सुकमा जिले के कोंटा क्षेत्र से एक अत्यंत दुखद समाचार सामने आया है। नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में एएसपी आकाश राव गिरपुंजे शहीद हो गए हैं। इस कायरतापूर्ण हमले में कुछ अन्य अधिकारी और जवान भी घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए शहीद एएसपी को श्रद्धांजलि अर्पित की है और घायलों के समुचित इलाज के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं एएसपी आकाश राव गिरपुंजे की शहादत को नमन करता हूँ। यह अत्यंत ही पीड़ादायक क्षण है। घायल जवानों और अधिकारियों के उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।”
https://x.com/vishnudsai/status/1931969243266089459?s=08
उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों द्वारा लगातार बड़ी कार्रवाई की जा रही है और उसमें निरंतर सफलता मिल रही है। इसी बौखलाहट में नक्सली इस तरह की कायराना हरकतें कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने दोटूक कहा, “नक्सलियों को इस हमले का परिणाम भुगतना होगा। वह दिन अब ज्यादा दूर नहीं जब छत्तीसगढ़ से उनका अस्तित्व समाप्त कर दिया जाएगा।”
प्रदेश में नक्सल उन्मूलन की दिशा में यह हमला एक दुखद क्षति है, परंतु सरकार और सुरक्षा बलों का मनोबल इससे कमजोर नहीं होगा। पूरे राज्य में इस हमले को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है।





