प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 09 जून 2025

रायपुर लोकसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आग्रह किया है कि छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड द्वारा प्रस्तावित विधायक कॉलोनी निर्माण कार्य को तत्काल रोकने के निर्देश दिए जाएं। यह परियोजना रायपुर जिले के धरसींवा विकासखंड के नकटी गांव स्थित खसरा नंबर 460, कुल 15.4790 हेक्टेयर भूमि पर प्रस्तावित है। अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि विकास आवश्यक है, लेकिन यह गरीबों को उजाड़ कर नहीं होना चाहिए। उन्होंने मांग की कि विधायक कॉलोनी का निर्माण खाली ज़मीन पर हो, ना कि गरीबों के घर तोड़कर।
मुख्यमंत्री को लिखे गए पत्र में अग्रवाल ने बताया कि इस भूमि पर 80 से अधिक गरीब परिवार कई वर्षों से निवासरत हैं और उन्होंने अपने घरों का निर्माण कर लिया है। इस ज़मीन पर कई सरकारी भवन एवं सामुदायिक भवन भी स्थित हैं। इन परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के अंतर्गत मकान बने हैं। ग्राम पंचायत और ग्राम सभा ने भी इस परियोजना को रोकने की मांग की है। यह भूमि पूर्वजों द्वारा चरनोई भूमि के रूप में चिन्हित की गई थी और आज भी इसे सामूहिक ग्राम भूमि माना जाता है, जहां ग्राम पंचायत की व्यवस्था के अंतर्गत ग्रामीण निवास कर रहे हैं।
पूर्व विधायक देवजीभाई पटेल ने अग्रवाल से मुलाकात कर ग्रामवासियों की पीड़ा से अवगत कराया और इस संवेदनशील मुद्दे पर एक स्मारक पत्र सौंपा। पटेल ने बताया कि यह भूमि ग्रामीणों के जीवनयापन और सम्मान से जुड़ी है और अधिकांश निवासी गरीबी रेखा के नीचे जीवन जी रहे हैं।
अग्रवाल ने राज्य प्रशासन से आग्रह किया है कि वह ग्रामीणों के आवासीय अधिकारों की रक्षा करे। उन्होंने सुझाव दिया कि विधायक कॉलोनी का निर्माण केवल उस हिस्से में किया जाए जहां कोई निवासरत नहीं है, या फिर इसके लिए वैकल्पिक भूमि चिह्नित की जाए।
उन्होंने दोहराया कि विकास जरूरी है, परंतु यह लोगों को बेघर करके नहीं होना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे प्रशासन को यथास्थिति बनाए रखने और इस परियोजना पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दें।





