मीडिया 24 डेस्क
गरियाबंद, 11 जून 2025

पितई बंद क्षेत्र में अवैध रेत खनन की जानकारी लेने गए पत्रकारों पर माफिया के गुर्गों द्वारा किए गए हमले के बाद मामला गरमा गया है। पत्रकारों ने इस घटना के बाद कलेक्टर भगवान सिंह यूईके और एसपी निखिल राखचे से मुलाकात कर सख्त कार्रवाई की मांग की थी। अब प्रशासन ने इस पर त्वरित कदम उठाते हुए जिला खनिज अधिकारी रोहित साहू को शोकॉज नोटिस जारी किया है। कलेक्टर ने अवैध माइनिंग पर कार्रवाई नहीं करने को लेकर जवाब-तलबी की है।
जिले में देवभोग के पुराना पानी घाट को छोड़ दें तो 17 से अधिक अवैध रेत खदानें संचालित हो रही थीं। सोमवार की घटना के बाद इनमें से आधे से अधिक बंद हो चुके हैं, लेकिन कई खदानें अब भी सक्रिय हैं। पत्रकार संगठनों ने इन्हें भी तत्काल बंद करने की मांग की है।
कलेक्टर और एसपी ने पत्रकारों को भरोसा दिलाया है कि अवैध खदानों तक हाइवा जैसे भारी वाहन न पहुंच सकें, इसके लिए मार्गों पर स्थायी स्ट्रक्चर बनाकर रास्ते अवरुद्ध किए जाएंगे और अस्थायी रैंप को ध्वस्त किया जाएगा। साथ ही जिन पंचायतों में यह गतिविधियां चल रही हैं, उन्हें भी अलर्ट किया जाएगा। मंगलवार शाम को ही कलेक्टर ने सभी तहसीलदार और एसडीएम को पत्र भेजकर सख्त निर्देश जारी कर दिए हैं।
पीएम आवास के लिए रेत पर राहत
कलेक्टर भगवान सिंह यूईके ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिन आवासों का 33 फीसदी निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, उनके लिए रेत बिना रॉयल्टी के दी जाएगी। अगर किसी ने पीएम आवास निर्माण में बाधा पहुंचाई तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





