मीडिया 24 डेस्क
दुर्ग, 12 जून 2025

रिसाली नगर निगम में कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। वार्ड क्रमांक 28 (वीआईपी नगर) की पार्षद और एमआईसी सदस्य डॉ. सीमा साहू ने कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ले ली है। उन्होंने दुर्ग सांसद विजय बघेल के निवास में भाजपा प्रवेश किया। इस दौरान दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक भी मौजूद रहे।
डॉ. सीमा साहू महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रभारी भी थीं। बताया जा रहा है कि कांग्रेस में उन्हें महापौर पद की मजबूत दावेदार माना जा रहा था। महापौर पद ओबीसी महिला के लिए आरक्षित होने के कारण और तत्कालीन गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू से उनके पारिवारिक संबंधों को देखते हुए पार्टी से उन्हें टिकट मिलने की उम्मीद थी, लेकिन कांग्रेस ने अंतिम समय में शशि सिन्हा को उम्मीदवार बना दिया, जो बाद में महापौर बनीं।
डॉ. साहू ने कहा कि महापौर शशि सिन्हा के कार्यशैली से वे लंबे समय से असंतुष्ट थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि महापौर को पार्षदों और एमआईसी सदस्यों के साथ समन्वय बनाकर चलना चाहिए था, जो नहीं हो पाया। इससे पहले भी पार्टी के 4 पार्षद असंतुष्ट होकर भाजपा में शामिल हो चुके हैं।
रिसाली नगर निगम में कांग्रेस के भीतर लगातार हो रही टूट से यह स्पष्ट है कि आंतरिक कलह और नेतृत्व से असंतोष पार्टी के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। वहीं भाजपा इसे अपने लिए मौका मानते हुए संगठन विस्तार में जुटी है।





