11 Mar 2026, Wed
Breaking

अहमदाबाद में आसमान से बरपा कहर: टेकऑफ के 5 मिनट बाद BJ मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल पर गिरा एयर इंडिया का ड्रीमलाइनर, 242 सवारों की जान पर बना संकट, 20 छात्रों की मौत की आशंका

अहमदाबाद, 12 जून 2025

गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला विमान हादसा हुआ। एयर इंडिया का B-787 ड्रीमलाइनर विमान, जो फ्लाइट AI-171 के रूप में अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट जा रहा था, उड़ान भरने के महज 5 मिनट बाद मेघानी नगर के घनी आबादी वाले इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान BJ मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल भवन की छत पर जा गिरा, जहां उस समय दर्जनों छात्र कैंटीन में लंच कर रहे थे।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। चश्मदीदों के अनुसार, विमान एक पेड़ से टकराया और तुरंत बाद जोरदार विस्फोट के साथ आग की लपटों में घिर गया। विमान का पिछला हिस्सा हॉस्टल की बिल्डिंग से लटकता दिखा, जबकि आगे का हिस्सा पूरी तरह जल गया। पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार फैल गया।

20 छात्रों की मौत की आशंका, बचाव अभियान जारी

प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, इस हादसे में हॉस्टल कैंटीन में मौजूद करीब 20 छात्रों के मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल घायलों को नजदीकी सिविल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। सभी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है।

242 लोग थे विमान में सवार

एयर इंडिया के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 2 पायलट, 10 क्रू मेंबर्स और 230 यात्री शामिल हैं। उड़ान भरते ही पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को “मेडे” (MAYDAY) कॉल दी थी, लेकिन इसके बाद विमान से कोई संपर्क नहीं हो सका। अब तक विमान में सवार यात्रियों की स्थिति के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।

पढ़ें   JPL कोल खदान का चौथे दिन भी जोरदार विरोध: रायगढ़ के 14 गांवों के ग्रामीण अड़े, बोले— “गुपचुप तरीके से जनसुनवाई पूरी कर दी गई”

रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटीं NDRF की टीमें

घटनास्थल पर NDRF की तीन टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी हुई हैं, जबकि वडोदरा से दो और टीमें रवाना हो चुकी हैं। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां भी मौके पर मौजूद हैं। राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। अहमदाबाद के नगर आयुक्त, पुलिस कमिश्नर और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

ग्रीन कॉरिडोर बनाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

घायलों को तेजी से सिविल अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया है। 5 बड़ी एंबुलेंस को तत्काल घटनास्थल पर रवाना किया गया। सड़कों को आम नागरिकों के लिए बंद कर दिया गया है ताकि राहत कार्यों में कोई बाधा न आए।

एयर इंडिया का बयान

एयर इंडिया ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा है कि “हमारी फ्लाइट संख्या AI-171 अहमदाबाद से लंदन गैटविक के लिए थी, जो टेकऑफ के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। हम घटना की जांच कर रहे हैं और संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर राहत कार्यों में जुटे हैं।”

पूरे देश में शोक की लहर

इस भयावह हादसे के बाद पूरे देश में शोक की लहर है। प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने घटना पर दुख जताया है। देशभर की नजरें अब अहमदाबाद की ओर हैं, जहां लोग अपनों की सलामती की दुआ कर रहे हैं।

यह खबर लगातार अपडेट की जा रही है…

Share

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed