प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 14 जून 2025

डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय में विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन रायपुर और मॉडल ब्लड बैंक मेकाहारा के संयुक्त तत्वावधान में भव्य रक्तदान शिविर और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस आयोजन में 100 से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया और सेवा एवं संवेदना का अद्भुत संदेश समाज को दिया।
“रक्तदान करिए – जीवन बचाइए, और स्मृतियों को संजोइए” इस भावपूर्ण थीम के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लेने वालों ने रक्तदान को सिर्फ एक चिकित्सीय प्रक्रिया नहीं, बल्कि एक मानवीय कर्तव्य के रूप में अपनाया। 116 बार रक्तदान कर चुके महेश पटेल, एमबीबीएस छात्र, पीजी रेजिडेंट, मेडिकल स्टाफ और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस शिविर को और अधिक भावुक बना दिया अहमदाबाद विमान दुर्घटना की उस दर्दनाक घटना ने जिसमें कई चिकित्सक और मेडिकल विद्यार्थी असमय काल के गाल में समा गए। आयोजन के दौरान दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी गई। मेडिकल समुदाय की ओर से इस क्षति को “अपूर्णीय” बताते हुए उन्हें विनम्र नमन किया गया।
कार्यक्रम में हाल ही में दिवंगत डॉ. छाया गौतम को विशेष श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वे एक मेधावी और संवेदनशील चिकित्सक थीं, जिनका समर्पण और मुस्कान सभी के हृदय में जीवंत हैं। उनके आकस्मिक निधन से पूरा मेडिकल समुदाय शोकाकुल है।
इस अवसर पर रायपुर मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ. विवेक चौधरी, सह-चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनोज साहू, पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अरविंद नेरलवार, प्रो. डॉ. राबिया परवीन सिद्दीकी, स्टेट ब्लड सेल कोऑर्डिनेटर डॉ. अस्मिता बेहरा, ब्लड बैंक इंचार्ज डॉ. अमित भारद्वाज, जेडीए अध्यक्ष डॉ. रेशम सिंह, डॉ. अमित बंजारा व अन्य कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।
जेडीए अध्यक्ष डॉ. रेशम सिंह ने अहमदाबाद विमान हादसे में हताहत चिकित्सकों और विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, “इस कठिन समय में जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ पूरी तरह से दिवंगतों के परिवारों के साथ खड़ा है और हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।”
यह आयोजन केवल रक्तदान शिविर नहीं, बल्कि सेवा, संवेदना और स्मृति का एक संगम बन गया, जिसने न सिर्फ जीवन बचाने का संदेश दिया, बल्कि यह भी सिखाया कि “जीवन क्षणभंगुर हो सकता है, लेकिन सेवा और प्रेम अमर रहते हैं।”




