बलौदाबाजार, 17 जून 2025
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक बार फिर स्कूली छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। एक बार फिर कलयुगी शिक्षक ने शिक्षा के मंदिर को शर्मसार कर देने वाला बड़ा कांड किया है । जानकारी के मुताबिक ग्राम सुहेला में पेशे से सरकारी शिक्षक एक निजी स्कूल का भी संचालन करता है और उसी निजी विद्यालय में अध्ययनरत नाबालिग छात्रा के साथ विद्यालय समय में शिक्षक द्वारा छेड़खानी का गंभीर मामला सामने आया है। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने शासकीय शिक्षक शैलेश कुमार वर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी वर्तमान में एक शासकीय विद्यालय में पदस्थ है। घटना 9 जून 2025 को विद्यालय समय में घटित हुई जब छात्रा कक्षा 11वीं की पूरक परीक्षा देने विद्यालय गई थी। पीड़िता की शिकायत के अनुसार आरोपी शिक्षक ने परीक्षा केंद्र में अनुचित व्यवहार किया, जिससे छात्रा भयभीत हो गई। घटना के बाद छात्रा ने परिजनों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद यह मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस मामले की गंभीरता को गि देखते हुए जांच में जुट गई है। वहीं स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने प्रशासन एवं शिक्षा विभाग से आरोपी शिक्षक को तत्काल निलंबित कर विधिसम्मत कड़ी कार्रवाई की मांग किया है। इस संबंध में थाना प्रभारी केसर पराग बंजारा ने कहा कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है, जांच जारी है। आरोपी गिरफ्त से बाहर है और आरोपी की पता साजी की जा रही है ।

यह मामला अब तूल पकड़ने लगा है । मामले की जानकारी मिलने पर साहू समाज के जिलाध्यक्ष सुनील साहू अपने समाज के पदाधिकारियों के साथ थाना सुहेला पहुंचे और आरोपी को जल्द पकड़ने की मांग करने के साथ कठोर कार्रवाई की मांग की है । सुनील साहू ने बताया कि शिक्षक आदतन इसी मानसिकता का है और पूर्व में भी इसके द्वारा ऐसी घटना करने की जानकारी मिली है, जिसके चलते इसे निलंबित भी किया गया था । सुनील साहू ने कहा कि आने वाले दिनों में जिला शिक्षा अधिकारी के साथ जिले के कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर स्कूल की मान्यता रद्द करने की मांग की जाएगी, जिससे भविष्य में किसी और के साथ ऐसी घटना न दोहराई जा सके ।





