कोंडागांव, 19 जून 2025
जिला अस्पताल के पीछे स्वास्थ्य विभाग की निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लोग छत पर एक बैल को टहलते देख हैरान रह गए। बिना सुरक्षा घेरे और चौकीदारी के अधूरी पड़ी इस ऊंची इमारत पर बैल कैसे पहुंचा, यह किसी को समझ नहीं आया।

स्थानीय लोगों और राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद दमकल और पशु चिकित्सा विभाग की टीमों को भी बुलाया गया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद रस्सी, सीढ़ी और चारे की मदद से बैल को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
अधिकारियों ने बताया कि रेस्क्यू के दौरान हर संभव एहतियात बरती गई, ताकि कोई हादसा न हो। इमारत का निर्माण कार्य पिछले पांच महीने से पूरी तरह बंद है। न तो यहां कोई सुरक्षा व्यवस्था है और न ही कोई चौकीदार तैनात।
निर्माण कार्य की देखरेख में नियुक्त कर्मचारी पप्पू बंजारे ने बताया, “चार महीने से कोई मजदूर या इंजीनियर नहीं आया है। भवन अधूरा पड़ा है और खुले में छोड़ दिया गया है।”
इस घटना ने निर्माणाधीन सरकारी भवनों में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों की मांग है कि जल्द ही घेराबंदी और निगरानी की उचित व्यवस्था की जाए, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।





