प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 22 जून 2025
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को छत्तीसगढ़ पहुंचते ही नक्सल समस्या पर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि इस बार बारिश में नक्सलियों को सोने नहीं देंगे, और मानसून के दौरान भी एंटी नक्सल ऑपरेशन पूरी ताकत से चलाया जाएगा।

स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर पर उनके आगमन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुलदस्ता भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा व अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक धर्मलाल कौशिक, किरण देव, अमर अग्रवाल, पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, गुरु खुशवंत साहेब, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, डीजीपी अरुण देव गौतम, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव मनोज पिंगुआ, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुभोध सिंह, सचिव पी. दयानंद, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और एसएसपी लाल उमेद सिंह भी उपस्थित थे।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई जारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बरसात के मौसम में भी ऑपरेशन की गति कम नहीं होनी चाहिए। इस बार नक्सल प्रभावित इलाकों में जवाबी कार्रवाई और सघन ऑपरेशन के जरिए नक्सल नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जाएगा।
शाह की यह घोषणा सुरक्षा बलों और प्रशासन को स्पष्ट संकेत देती है कि आने वाले दिनों में नक्सल मोर्चे पर बड़ी कार्रवाई देखने को मिल सकती है।





