मन्नू मिश्रा
सूरजपुर, 23 जून 2025

जिले में नशा मुक्ति को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस चौकी खड़गवां द्वारा ग्राम पंपापुर में नुक्कड़ नाटक का आयोजन कर ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, ई-शपथ पत्र के माध्यम से लोगों को नशा से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर जगन्नाथपुर महान 3 स्थित चेन्नई राधा कंपनी के अधिकारी और कर्मचारियों को भी नशा से दूर रहने की समझाइश दी गई तथा उनके मोबाइल में ई-शपथ पत्र डाउनलोड कराया गया। यह पूरा कार्यक्रम वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों की सहभागिता उल्लेखनीय रही।
अभियान को सतत रूप से जारी रखने के लिए पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश प्राप्त हुए हैं। वहीं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार महतो एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रतापपुर सौरभ उईके के मार्गदर्शन में खड़गवां क्षेत्र के सभी गांवों और स्कूलों में यह जनजागरूकता अभियान जारी रहेगा।
इस पूरे कार्यक्रम की जानकारी चौकी प्रभारी योगेंद्र जायसवाल ने दी। उन्होंने बताया कि नशा मुक्ति को लेकर चौकी खड़गवां का समस्त स्टाफ सक्रिय भूमिका निभा रहा है और यह अभियान लगातार चलाया जाएगा।
उद्देश्य: नशा मुक्त समाज की ओर एक ठोस पहल, युवाओं को स्वस्थ और जिम्मेदार नागरिक बनाना।





