बिलासपुर, 24 जून 2025 — छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां पीएससी (छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग) की तैयारी कर रही एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह मामला सीपत थाना क्षेत्र के नहरपारा गांव का है।
जानकारी के अनुसार, मृतिका वीलिना सत्यार्थी सेवा निवृत्त बांगो परियोजना लेखापाल बीआर सत्यार्थी की सबसे छोटी बेटी थी। वह पीएससी की तैयारी में जुटी हुई थी। सोमवार को वीलिना के पिता बीआर सत्यार्थी अपने पूरे परिवार के साथ घूमने के लिए बिलासपुर गए थे और शाम को वापस गांव लौट आए। वीलिना भी अपने कमरे में चली गई थी।

कुछ देर बाद जब परिवार के सदस्य उसे रात का खाना खाने के लिए बुलाने गए तो उन्होंने वीलिना को अपने कमरे में फांसी के फंदे से लटका पाया। परिजन उसे तुरंत बिलासपुर के सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस घटना से गांव और मृतिका के परिजनों में गहरा शोक है। स्थानीय लोगों ने इस घटना को बेहद दुखद बताया और युवाओं में बढ़ते मानसिक दबाव को लेकर चिंता जताई है।





