मन्नू मिश्रा
खड़गवां, 2 जुलाई 2025

शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वैष्णवी ग्रुप ऑफ स्कूल के विद्यार्थियों ने बुधवार को अपने शिक्षकों के साथ खड़गवां पुलिस चौकी का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान चौकी प्रभारी योगेंद्र जायसवाल ने छात्रों को पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून व्यवस्था और जिम्मेदार नागरिक बनने की सीख दी।
स्कूल के प्राचार्य आशीष कुमार गुप्ता, उप प्राचार्य निक्की गुप्ता, शिक्षक पंकज कुमार मिश्रा और शारदा मरावी के साथ पहुंचे बच्चों ने पुलिस चौकी में तैनात अधिकारियों से मुलाकात की। प्रभारी जायसवाल ने उन्हें बताया कि पुलिस चौबीसों घंटे आम जनता की सुरक्षा और सहायता के लिए तैनात रहती है। अपराध नियंत्रण, जनसहयोग और कानून व्यवस्था को बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बच्चों ने कहा कि पुलिस की वजह से ही समाज में शांति और सुरक्षा बनी रहती है। उन्होंने प्रभारी से कहा कि वे पुलिस के कार्य को करीब से देखना और समझना चाहते थे। योगेंद्र जायसवाल ने बच्चों को यातायात नियमों के पालन, नशे से दूर रहने, और कानून के साथ चलने जैसे कई आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने बच्चों को भविष्य में एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन ने चौकी प्रभारी योगेंद्र जायसवाल को उनके स्थानांतरण पर स्मृति चिन्ह भेंट कर शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पुलिस चौकी के अन्य अधिकारी-कर्मचारी और शिक्षक भी उपस्थित रहे। यह शैक्षणिक भ्रमण बच्चों के लिए न सिर्फ जानकारीवर्धक रहा, बल्कि उनमें सामाजिक चेतना और जिम्मेदारी की भावना भी जागृत हुई।





