तखतपुर, 05 जुलाई 2025
तखतपुर क्षेत्र में एक बंदर की एयर गन से गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह मामला सामने आने के बाद वन्यजीव प्रेमियों में भारी आक्रोश है। घटना की जानकारी मिलते ही फॉरेस्ट विभाग ने जांच शुरू कर दी है और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिक अपराध रिपोर्ट (पीओआर) दर्ज कर ली गई है।

मामले का खुलासा तब हुआ जब मृत बंदर का पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट में बताया गया कि बंदर की मौत शरीर में एयर गन से चली गोली लगने के कारण हुई। पशु चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम के दौरान बंदर के शरीर से एयर गन के दो छर्रे भी बरामद किए हैं।
वन्यजीव प्रेमियों ने इस नृशंस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए तखतपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। तखतपुर रेंज के रेंजर ने कहा कि घटना को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू की गई है।
फॉरेस्ट विभाग ने अब तखतपुर क्षेत्र में एयर गन रखने वालों की सूची तैयार करना शुरू कर दिया है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि दोषियों की पहचान होते ही उनके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना न केवल वन्यजीवों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है, बल्कि स्थानीय लोगों की जिम्मेदारियों को लेकर भी चेतावनी देती है। वन विभाग आम नागरिकों से अपील कर रहा है कि इस तरह की किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत अधिकारियों को दें।





