प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 05 जुलाई 2025
भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की संकल्पना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शिता का परिणाम है, जो देश में सांस्कृतिक एकता और आपसी समझ को सुदृढ़ करने का अभिनव प्रयास है। उन्होंने शनिवार को रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में इस कार्यक्रम पर आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।

जामवाल ने कहा कि देश और प्रदेश में भाजपा के प्रति अनुकूल वातावरण है और यह केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का परिणाम है। अब समय है कि कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम के संकल्प के साथ सर्वतोमुखी विकास में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान और स्पष्ट विज़न के साथ आमजन तक पहुँच बनानी होगी।
राज्यों के बीच सांस्कृतिक समन्वय का पुल बनेगा कार्यक्रम
अजय जामवाल ने बताया कि ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम का उद्देश्य भारत के विभिन्न राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के बीच आपसी सांस्कृतिक, भाषाई, खानपान, परंपरा और पर्यटन के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है। वर्ष 2015 से यह कार्यक्रम वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव के रूप में पूरे देश में मनाया जा रहा है।
पवन साय और सुशील सिंह का मार्गदर्शन
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि यह कार्यक्रम भारत के सांस्कृतिक गौरव को जोड़कर आगे बढ़ने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को टीम भावना से कार्य करना होगा ताकि यह कार्यक्रम जमीनी स्तर तक पहुँच सके।
पूर्व सांसद सुशील सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री की सोच ‘कोई जिला विकास से न छूटे’ के तहत देश के 115 पिछड़े जिलों को चिन्हित कर विकास योजनाओं को पहुँचाया गया। उन्होंने बिहार का उदाहरण देते हुए डबल इंजन सरकार की आवश्यकता पर बल दिया।
संजय श्रीवास्तव ने प्रस्तुत की रूपरेखा
प्रदेश महामंत्री एवं कार्यक्रम के संयोजक संजय श्रीवास्तव ने कार्यशाला की प्रस्तावना रखते हुए कहा कि यह कार्यक्रम अनेकता में एकता के विचार को सशक्त करता है। उन्होंने बताया कि सरदार पटेल की जयंती पर प्रधानमंत्री ने इस संकल्पना को मूर्त रूप दिया और अब इसे समन्वय व सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से जन-जन तक पहुँचाना है।
कार्यशाला में सभी जिलों के संयोजक एवं सहसंयोजक शामिल रहे और कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर गहन मंथन किया गया।





