प्रमोद मिश्रा
सरगुजा/नई दिल्ली, 07 जुलाई 2025

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री एवं रसायन और उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा आज एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ के सरगुजा ज़िले के मैनपाट जाएंगे। वे भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित विधायक-सांसद कार्यशाला में भाग लेंगे। मंत्री नड्डा विशेष विमान और हेलीकॉप्टर के माध्यम से दिल्ली से मैनपाट के लिए रवाना होंगे।
दौरे के मुताबिक, नड्डा सोमवार सुबह 9:30 बजे दिल्ली स्थित अपने सरकारी निवास 7-बी, मोतीलाल नेहरू मार्ग से प्रस्थान करेंगे। इसके बाद वे कार द्वारा इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचेंगे, जहां से 10:15 बजे विशेष विमान से छत्तीसगढ़ के दरिमा (सरगुजा) एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरेंगे। दोपहर 12 बजे दरिमा एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वे हेलीकॉप्टर से मैनपाट के कमलेश्वरपुर स्थित वर्ग स्थल जाएंगे।
वहां दोपहर 2 बजे से 3:30 बजे तक वे विधायक-सांसद कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम पार्टी संगठन की मजबूती, नीति-निर्धारण और जनप्रतिनिधियों के संवाद के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
कार्यक्रम के समापन के बाद नड्डा शाम 4 बजे हेलीकॉप्टर से दरिमा एयरपोर्ट लौटेंगे और फिर 5 बजे विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। रात 7:30 बजे तक उनके दिल्ली स्थित आवास पर वापसी की संभावना है।
इस दौरे में उनके साथ अतिरिक्त निजी सचिव अमित शर्मा मौजूद रहेंगे, जबकि सुरक्षा प्रबंधन रामफूल मीणा (PSO) देखेंगे। गृह मंत्रालय द्वारा केंद्रीय मंत्री को Z+ श्रेणी की सुरक्षा दी गई है, जिसके तहत CRPF का सुरक्षा कवच पूरे देश में लागू है। नड्डा के आगमन को लेकर सरगुजा भाजपा इकाई के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है और स्थानीय प्रशासन ने भी सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी कर ली है।





