कवर्धा, 11 जुलाई 2025
शुक्रवार सुबह कवर्धा जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहा बोर वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 8 लोग अब भी वाहन के नीचे दबे हुए हैं, जिन्हें निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

हादसा कुकदूर थाना क्षेत्र के अगरपानी चाटा के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार में आ रहा वाहन संतुलन खो बैठा और गहरी खाई में जा गिरा। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। अब तक चार शवों को खाई से बाहर निकाला जा चुका है, जबकि 8 अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश जारी है।
घटना की भयावहता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल और एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भेजने की तैयारी की जा रही है। जिला प्रशासन भी मौके की निगरानी कर रहा है।
फिलहाल मृतकों की पहचान और वाहन में सवार लोगों की संख्या को लेकर पुष्टि की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच भी पुलिस द्वारा की जा रही है।





