मीडिया 24 डेस्क
मनेंद्रगढ़/चिरमिरी, 14 जुलाई 2025

छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में इनकम टैक्स विभाग की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। सोमवार सुबह आयकर विभाग की टीमों ने एक साथ कई जगहों पर छापेमारी की। कार्रवाई की शुरुआत सुबह करीब 8 बजे हुई, जब चिरमिरी के पोड़ी नवापारा स्थित एसईसीएल (SECL) ओपन कास्ट के मैनेजर रविशंकर चक्रधारी और मनेंद्रगढ़ निवासी एसी (AC) मनीष गुप्ता के घर इनकम टैक्स की टीमें पहुंचीं।
सूत्रों के मुताबिक, चार गाड़ियों में सवार आयकर अधिकारियों ने दोनों ठिकानों को चारों तरफ से घेर लिया और घर के अंदर दस्तावेजों की गहन जांच शुरू कर दी। इस दौरान किसी को अंदर-बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
कई ठिकानों पर दबिश, बिलासपुर में भी सक्रिय है टीम
केवल मनेंद्रगढ़ और चिरमिरी ही नहीं, बल्कि बिलासपुर में भी आयकर विभाग की टीमें सक्रिय बताई जा रही हैं। यहां आधा दर्जन से अधिक ठिकानों पर दबिश की सूचना है। फिलहाल कार्रवाई पूरी तरह गोपनीय ढंग से की जा रही है।
अधिकारियों ने दी चुप्पी साध
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अभी तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मीडिया द्वारा पूछे जाने पर आयकर विभाग के अधिकारियों ने जांच पूरी होने तक किसी भी तरह की जानकारी देने से इनकार कर दिया है।
किस आधार पर हुई रेड?
रेड किस आधार पर की गई है, यह साफ नहीं हो पाया है। हालांकि माना जा रहा है कि बड़े पैमाने पर आर्थिक अनियमितताओं और टैक्स चोरी से जुड़ी शिकायतों के बाद कार्रवाई की गई है।
जांच अब भी जारी है, और आयकर विभाग की टीमों की गतिविधियों पर पूरे जिलेभर में नजर बनी हुई है। मामले में आगे की जानकारी आने पर अपडेट किया जाएगा।





