प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 22 जुलाई 2025

कलिंगा विश्वविद्यालय और लायंस क्लब रायपुर प्रेरणा के संयुक्त प्रयास से विश्वविद्यालय परिसर में एक भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि और युवाओं में प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
इस प्रेरणादायक अभियान के तहत कुल 280 पौधों का रोपण किया गया, जिनमें छत्तीसगढ़ की जलवायु के अनुकूल देशी प्रजातियों को प्राथमिकता दी गई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. संदीप गांधी और राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हर्षा शर्मा ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्य नहीं बल्कि सतत प्रयासों की मांग करता है।
कार्यक्रम का संचालन लायंस क्लब रायपुर प्रेरणा की सचिव डॉ. स्मिता प्रेमानंद ने प्रभावशाली तरीके से किया, जिनकी सक्रियता और समर्पण की सभी ने सराहना की। लायंस क्लब की अध्यक्ष एमजेएफ लायन सुजाता अग्रवाल ने कहा, “हर पौधा एक वादा है – शुद्ध हवा, हरियाली और जीवन का।”
इस अभियान में एमजेएफ लायन पपिन्दर कौर पुसरी, लायन विनोद अग्रवाल, लायन नवनीत कौर ग्रेवाल, लायन बलबीर सिंह ग्रेवाल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने अपनी भागीदारी से कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यक्रम के पश्चात सभी प्रतिभागियों के लिए भोज की उत्तम व्यवस्था एमजेएफ लायन डॉ. संयुक्ता गांधी के सौजन्य से की गई, जिनका पूरे लायंस परिवार ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन क्लब की कोषाध्यक्ष एमजेएफ लायन दिल्शरीन कौर पुसरी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने सभी सहभागी संस्थाओं, सदस्यों और स्वयंसेवकों का आभार प्रकट करते हुए इसे एक “स्मरणीय और सार्थक आयोजन” बताया।
यह कार्यक्रम न केवल पर्यावरणीय संरक्षण की दिशा में एक पहल था, बल्कि यह युवाओं को हरियाली और स्थिरता की ओर कदम बढ़ाने की प्रेरणा भी बना।





