अंजलि सिंह
अंबिकापुर, 25 जुलाई 2025

सरगुजा जिले में अवैध सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। साइबर सेल और कोतवाली थाना की संयुक्त कार्रवाई में सट्टे के दो मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में कुख्यात सटोरिया अमित मिश्रा उर्फ पहलू भी शामिल है, जिस पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, डेबिट कार्ड, पैन कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी सुनियोजित तरीके से क्रिकेट मैचों पर लाखों-करोड़ों रुपये का सट्टा लगाकर अवैध रूप से पैसा कमा रहे थे।
पुलिस को मिले पुख्ता सबूत
सरगुजा पुलिस को लंबे समय से म्युल अकाउंट्स और संदिग्ध ट्रांजेक्शनों की सूचना मिल रही थी। इसी कड़ी में सायबर सेल और स्थानीय पुलिस की टीम ने मिलकर कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपियों के मोबाइल फोन और दस्तावेजों की जांच में सट्टा से जुड़े स्पष्ट सबूत मिले हैं, जिससे यह पुष्टि हुई कि वे ऑनलाइन सट्टा कारोबार में गहराई से जुड़े थे।
बैंक खातों का दुरुपयोग
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अपने ही नहीं बल्कि परिचितों के बैंक खातों का भी प्रयोग सट्टा रकम के लेन-देन में किया था। मुख्य आरोपी अमित मिश्रा उर्फ पहलू के खिलाफ पूर्व में धोखाधड़ी, अवैध सट्टा और आपराधिक षड्यंत्र जैसे गंभीर धाराओं में केस दर्ज हो चुके हैं।
पुलिस की पूछताछ जारी
फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और इस पूरे रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। सरगुजा पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई अवैध सट्टे के कारोबार के खिलाफ एक अहम कदम है और आने वाले दिनों में ऐसी कार्रवाइयां और तेज़ होंगी।
📌 पुलिस का संदेश स्पष्ट है – अवैध सट्टे के धंधे में लिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।





