बेमेतरा, 27 जुलाई 2025
बेमेतरा जिले के चर्चित बिरनपुर-भुवनेश्वर कांड को लेकर एक बार फिर हलचल तेज़ हो गई है। दो साल पुराने इस संवेदनशील मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने मुस्लिम समुदाय के दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई है और एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, यह गिरफ्तारी उस समय की गई है जब मामला लगभग ठंडे बस्ते में चला गया था। इससे पहले इस कांड में 12 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन लंबे समय तक जांच में कोई प्रगति नहीं दिखी थी।
गौरतलब है कि वर्ष 2023 में हुए इस घटना ने पूरे प्रदेश में राजनीतिक और सामाजिक भूचाल ला दिया था। घटना के बाद साजा विधायक ईश्वर साहू ने विधानसभा में CBI जांच की मांग उठाई थी, जिसके बाद यह मामला केंद्रीय एजेंसी को सौंपा गया था।
गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही बिरनपुर में एक बार फिर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जिला प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस बल की संख्या बढ़ा दी है और गांव में लगातार गश्त की जा रही है।
स्थानीय प्रशासन और खुफिया एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
अब देखना होगा कि CBI की इस ताजा कार्रवाई से मामले में और कौन-कौन से नए खुलासे होते हैं।
पृष्ठभूमि
बिरनपुर-भुवनेश्वर कांड अप्रैल 2023 में सामने आया था, जिसने बेमेतरा जिले ही नहीं बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में राजनीतिक और सामाजिक माहौल को गर्मा दिया था। घटना के बाद समुदायों के बीच भारी तनाव देखा गया था और लंबे समय तक शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों को तैनात रहना पड़ा था।





