प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 30 जुलाई 2025

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 30 जुलाई को दो दिवसीय प्रवास पर दिल्ली रवाना होंगे। सुबह मुख्यमंत्री पहले मंत्रालय, महानदी भवन में प्रस्तावित मंत्रिपरिषद् की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें राज्य के कई अहम फैसलों पर चर्चा होगी। बैठक के तुरंत बाद दोपहर में वे रायपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे।
दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य शीर्ष केंद्रीय नेताओं से मुलाकात की संभावना जताई जा रही है। इन मुलाकातों में छत्तीसगढ़ के राजनीतिक, विकासात्मक और प्रशासनिक मुद्दों पर गंभीर बातचीत हो सकती है।
मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे की जानकारी सामने आते ही एक बार फिर राज्य में कैबिनेट विस्तार की अटकलें तेज हो गई हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस दौरे के बाद मुख्यमंत्री की ओर से कैबिनेट विस्तार को लेकर कोई बड़ा संकेत या निर्णय सामने आ सकता है।
ऐसे में 30 जुलाई का दिन छत्तीसगढ़ की राजनीति के लिहाज से अहम साबित हो सकता है, जहां मंत्रिपरिषद् की बैठक और दिल्ली स्तर पर संभावित बातचीत मिलकर राज्य की भावी दिशा तय कर सकती हैं।



