8 Mar 2026, Sun

छत्तीसगढ़ में दर्दनाक हादसे: मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में तालाब में डूबे 3 मासूम, जगदलपुर की खदान में पानी में समाकर 2 बच्चों की मौत, गांवों में मचा कोहराम, लापरवाही पर उठे सवाल

प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 04 अगस्त 2025

छत्तीसगढ़ में रविवार और शनिवार को दो अलग-अलग हादसों में डूबने से 5 बच्चों की मौत हो गई। पहला हादसा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में हुआ, जहां तालाब में डूबने से तीन मासूमों की मौत हो गई। वहीं, दूसरा हादसा जगदलपुर में हुआ, जहां पत्थर खदान के गड्ढे में डूबने से दो बच्चों की जान चली गई। दोनों घटनाओं ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है।

अंबागढ़ चौकी में तालाब की गहराई बनी तीन मासूमों की कब्र

अंबागढ़ चौकी थाना क्षेत्र के छछानपाहरी गांव में रविवार को नव्यांश (6), लक्ष्य साहू (7) और खेमांशू (7) तालाब में डूब गए। बताया जा रहा है कि छुट्टी का दिन होने की वजह से तीनों बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। इस दौरान खेलते-खेलते वे गांव के कर्मा मंदिर के पास स्थित नए तालाब में नहाने चले गए। लेकिन पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगने के कारण तीनों गहरे पानी में समा गए।

काफी देर तक बच्चों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। तालाब के किनारे बच्चों के कपड़े और चप्पलें मिलने पर गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने बच्चों की तलाश शुरू की और देर शाम तीनों के शव तालाब से बाहर निकाले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है।

जगदलपुर में पत्थर खदान के गड्ढे में डूबे दो बच्चे

दूसरी घटना शनिवार को जगदलपुर के परपा थाना क्षेत्र के हजारी गुड़ा गांव में हुई। यहां संदीप नाग (5) और जयश्री (6) खेलते-खेलते गांव के पास स्थित पत्थर खदान के गड्ढे तक पहुंच गए। बारिश का पानी भरने की वजह से गड्ढा लबालब भरा हुआ था। खेलते समय दोनों का पैर फिसला और वे पानी में गिर गए।

पढ़ें   जशपुर में दिल दहला देने वाली घटना: दुष्कर्म पीड़िता नाबालिग ने बालिका गृह के बाथरूम में फांसी लगाकर की आत्महत्या, प्रबंधन की लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और SDRF को सूचना दी। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों के शवों को बाहर निकाला गया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। पुलिस हादसे की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बच्चे वहां तक कैसे पहुंचे।

पुलिस जांच में जुटी, ग्रामीणों में आक्रोश

दोनों घटनाओं के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के तालाब और खदानों के पास कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं, जिससे ऐसी घटनाएं लगातार हो रही हैं। पुलिस ने फिलहाल दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।


Share

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed