प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 05 अगस्त 2025

79वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रदेशभर में ‘मोर तिरंगा मोर अभिमान’ नाम से भव्य तिरंगा अभियान चलाने की घोषणा की है। इसको लेकर रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय (कुशाभाऊ ठाकरे परिसर) में अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें अभियान की रणनीति और तैयारियों पर चर्चा की गई।
भाजपा इस अभियान को हाल ही में सफल रहे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से प्रेरित बताते हुए प्रदेश के 60 लाख घरों में तिरंगा फहराने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है। बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बच्चों के हाथों तिरंगा फहराने पर रहेगा फोकस
तिरंगा अभियान के संयोजक नीलू शर्मा ने बताया कि इस बार खास पहल के तहत बच्चों के हाथों तिरंगा फहरवाया जाएगा, जिससे उनमें बचपन से ही देशभक्ति की भावना मजबूत हो सके। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष लगभग 24 लाख घरों में तिरंगा फहराया गया था, जबकि इस बार प्रदेश में भाजपा सदस्यता 60 लाख के पार पहुंच चुकी है। हर सदस्य को कम से कम एक घर तक तिरंगा पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है।
विभाजन विभीषिका दिवस भी मनाएगी भाजपा
भाजपा ने 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। पार्टी कार्यकर्ताओं को इसके लिए दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। वहीं, ‘मोर तिरंगा मोर अभिमान’ अभियान की शुरुआत आज से ही कर दी गई है।
भाजपा का यह अभियान न सिर्फ संगठन की शक्ति प्रदर्शन का माध्यम बनेगा बल्कि प्रदेश में राष्ट्रभक्ति का वातावरण तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगा।





