12 Mar 2026, Thu
Breaking

खैरागढ़ के खपरी दरबार गांव में ग्रामीणों ने लिया ऐतिहासिक फैसला, पूर्ण शराबबंदी लागू — अवैध शराब बेचने पर लगेगा ₹20,000 जुर्माना, सूचना देने वाले को मिलेगा इनाम

खैरागढ़ (छत्तीसगढ़), 06 अगस्त 2025

खैरागढ़ जिले के ग्राम खपरी दरबार के ग्रामीणों ने एक साहसिक और अनुकरणीय कदम उठाते हुए गांव में पूर्ण शराबबंदी का ऐलान कर दिया है। गांव में बढ़ते अवैध शराब कारोबार और पुलिस संरक्षण की आशंका के विरोध में ग्रामीणों ने दो दिनों तक चली तीन बैठकों के बाद यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया।

अब गांव में महुआ से बनी कच्ची शराब का निर्माण, बिक्री और सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस निर्णय को सख्ती से लागू करने के लिए गांव में 14 सदस्यीय निगरानी समिति का गठन किया गया है। इस समिति में लक्ष्मण निषाद, दीनदयाल जंघेल, पन्नालाल साहू, नेहरू साहू, कामता बघेल, लक्की नेताम, तोरण साहू (सरपंच), वीरेंद्र साहू (पूर्व सरपंच प्रतिनिधि), राजेश निषाद, राहुल साहू, पन्नू यादव, ध्रुव जंघेल, यादव राम जंघेल और अमीर जंघेल शामिल हैं।

कड़ी सजा और इनाम की व्यवस्था

नियमों का उल्लंघन करने वालों पर निगरानी समिति के पास कड़ी कार्रवाई का अधिकार रहेगा। गांव में यदि कोई अवैध शराब का निर्माण या बिक्री करता पाया गया तो उस पर ₹20,000 का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं, अवैध शराब की सूचना देने वाले ग्रामीण को ₹5,000 तक का इनाम दिया जाएगा।

अगर किसी व्यक्ति को बार-बार चेतावनी देने के बाद भी शराब के कारोबार या सेवन में पाया गया, तो उसका सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि नियम तोड़ने वालों को ग्रामीण स्वयं पकड़कर पुलिस थाने तक ले जाएंगे।

प्रशासनिक उदासीनता के बाद ग्रामीणों ने उठाया कड़ा कदम

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में अवैध शराब का कारोबार दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा था, जिससे गांव का माहौल बिगड़ रहा था। बच्चों और महिलाओं पर इसका बुरा असर पड़ रहा था। कई बार पुलिस और प्रशासन को शिकायतें करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे मजबूर होकर ग्रामीणों ने यह कठोर फैसला लिया है।

पढ़ें   रायपुर में 13 अगस्त को जोहार तिरंगा कार्यक्रम : कैलाश खेर संस्कृति एवं देशभक्ति गीतों पर देंगे प्रस्तुति, CM विष्णु देव साय कार्यक्रम में होंगे शामिल

गांव बना छत्तीसगढ़ में शराबबंदी की मिसाल

खपरी दरबार गांव का यह निर्णय न केवल बस्तर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में शराबबंदी की दिशा में एक मिसाल बन सकता है। ग्रामीणों ने जिस एकजुटता के साथ यह फैसला लिया है, वह समाज के लिए एक प्रेरणास्रोत है।


Share

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed