दुर्ग, 7 अगस्त 2025 — भिलाई के वार्ड क्रमांक 23 स्थित एक मंदिर में तोड़फोड़ की घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि अटल आवास परिसर के पास पीपल पेड़ के नीचे स्थित मंदिर और तुलसी चौरा में एक युवक ने नशे की हालत में तोड़फोड़ कर दी। आरोपी की पहचान अब्दुल सजाद के रूप में हुई है।
इस घटना के विरोध में बजरंग दल कार्यकर्ताओं और स्थानीय वार्डवासियों ने बड़ी संख्या में जामुल थाने का घेराव कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। आक्रोशित लोगों ने धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने वाले इस कृत्य को गंभीर बताते हुए तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की।

पुलिस ने मौके की नजाकत को देखते हुए प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी और कार्रवाई का भरोसा दिलाया। जामुल पुलिस ने आरोपी अब्दुल सजाद को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी शराब के नशे में था और उसी दौरान मंदिर में तोड़फोड़ की। फिलहाल आरोपी के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
स्थानीय प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं पुलिस क्षेत्र में निगरानी बढ़ाकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।





