प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 12 अगस्त 2025

राज्य में 29 अगस्त को खेल दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को खेल अलंकरण प्रदान किया जाएगा। इस बार गठन की गई नौ सदस्यीय अलंकरण समिति से पहली बार छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ को बाहर कर दिया गया है। राज्य गठन के बाद से अब तक इस समिति में ओलंपिक संघ के महासचिव को प्रतिनिधि के तौर पर शामिल किया जाता रहा है। बल्देव सिंह भाटिया और गुरुचरण सिंह होरा इस पद पर रह चुके हैं, जो खिलाड़ियों की समस्याएं समिति तक पहुंचाते थे।
इस बार समिति में छत्तीसगढ़ क्रीड़ा भारती संस्था से सुमीत उपाध्याय को सदस्य बनाया गया है, जिस पर राजधानी के खेल संघों और खिलाड़ियों में चर्चा शुरू हो गई है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे को भी नया सदस्य नियुक्त किया गया है, जो पहले सचा अंजुम की जगह लेंगे। चौबे बतौर गोलकीपर अभी भी हॉकी खिलाड़ियों को तैयार करने में सक्रिय हैं और उन्हें राज्य खेल अवॉर्ड भी मिल चुका है।
समिति में खेल सचिव यशवंत कुमार अध्यक्ष होंगे। इसके अलावा आयुक्त निःशक्तजन, खेल संचालक तनुजा सलाम, सामान्य प्रशासन विभाग का एक प्रतिनिधि, संयुक्त संचालक खेल विभाग यामिनी पांडेय गुप्ता (प्रस्तुतकर्ता अधिकारी), उपसंचालक प्रकाशचंद्र कोरी और साई सेंटर प्रभारी भी शामिल हैं।
इस साल 2023 और 2024 दोनों वर्षों के खिलाड़ियों को अवॉर्ड और नगद राशि दी जाएगी। समिति का निर्णय अंतिम होगा और इसे किसी भी न्यायालय में चुनौती नहीं दी जा सकेगी।





