प्रमोद मिश्रा
बलौदाबाजार, 17 अगस्त 2025

विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ने जिलेभर में भारत विभाजन विभिषिका स्मृति दिवस और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर संगठन का 61वां स्थापना दिवस मनाया।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने भारत माता की आरती की, भारत विभाजन से उपजी वेदना और हिंदुओं के दमन पर चर्चा की। साथ ही मटकी फोड़, भजन संध्या, कीर्तन और प्रसाद वितरण जैसे धार्मिक आयोजन किए गए।
बलौदाबाजार नगर में विहिप जिला कार्यकारिणी द्वारा मुख्य कार्यक्रम श्रीमहावीर देव मंदिर, बजरंग चौक में आयोजित किया गया। यहां हिंदू समाज और राष्ट्र चिंतकों ने अपने विचार व्यक्त किए। जन्माष्टमी पर सरगम संगीत समिति के राजेश साहू एवं साथियों ने भजनों की सुंदर प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
विहिप जिला अध्यक्ष अभिषेक तिवारी ने बताया कि 61 वर्ष पूर्व श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन ही हिंदू हितों, मंदिरों और मठों की रक्षा के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ व हिंदू समाज के हितचिंतकों ने विश्व हिंदू परिषद की नींव रखी थी। आज संगठन विश्वभर में हिंदुओं का सबसे बड़ा संगठन बनकर कार्य कर रहा है।



