10 Mar 2026, Tue
Breaking

आज की बड़ी खबरें : CM विष्णुदेव साय विदेश प्रवास के लिए होंगे रवाना…आबकारी अधिकारियों पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार…राज्य सरकार को विद्यार्थियों को देने होंगे 25 – 25 हजार रुपए…प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना…पढ़ें आज की सभी बड़ी खबरें

प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 21 अगस्त 2025

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने 10 दिवसीय विदेश प्रवास के लिए आज सुबह 8 बजकर 40 मिनट में रायपुर से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे । तय कार्यक्रम के मुताबिक सीएम आज शाम नई दिल्ली से जापान के लिए उड़ान भरेंगे । सीएम के साथ प्रमुख सचिव (सीएम) सुबोध सिंह, उद्योग सचिव भी विदेश प्रवास में जाएंगे । सीएम का यह दौरा उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है ।

आबकारी अधिकारियों पर गिरफ्तारी की तलवार

छत्तीसगढ़ के शराब घोटाले को अंजाम देने में शामिल आबकारी विभाग के 28 अधिकारियों पर कार्रवाई की तलवार लटक रही है। 20 अगस्त को इन सभी अधिकारियों को रायपुर की अदालत में पेश होना था, मगर एक भी अधिकारी अदालत नहीं पहुंचा, इस वजह से कोर्ट ने अब इन सभी के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया है।

EOW के वकीलों से मिली जानकारी के मुताबिक शराब घोटाला मामले में आरोपी बनाए गए आबकारी विभाग के अधिकारियों के मामले में अब अगली सुनवाई 23 सितंबर को होगी। इन अधिकारियों की अग्रिम जमानत अर्जी विशेष अदालत और हाई कोर्ट से खारिज कर दी गई है। 20 अगस्त को अगर यह आबकारी अधिकारी अदालत में पेश होते तो उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता था। इस जोखिम को देखते हुए कोई भी अधिकारी नहीं पहुंचा अब अदालत ने उनके खिलाफ जमानती वारंट जारी किया है। इसके बावजूद अब अगर अधिकारी सामने नहीं आते तो उनके खिलाफ कड़ा एक्शन लिया जा सकता है।

इनके नाम शामिल

ईओडब्लू के चालान में जिन आबकारी अफसरों का नाम है, उनमें गरीबपाल दर्दी, नोहर सिंह ठाकुर, सोनल नेताम, अलेख राम सिदार, प्रकाश पाल, एके सिंग, आशीष कोसम, जेआर मंडावी, राजेश जयसवाल, जीएस नूरुटी, जेआर पैकरा, देवलाल वैद्य, एके अनंत, वेदराम लहरे, एलएल ध्रुव, जनार्दन कोरव, अनिमेष नेताम, विजय सेन, अरविंद कुमार पाटले, प्रमोद कुमार नेताम, राम कृष्णा मिश्रा, विकास कुमय गोस्वामी, इकबाल खान, नितिन खंडुजा, नवीन प्रताप, सौरभ बख्शी, दिनकर वासनिक, मोहित कुमार जयसवाल, नीलू नोतानी, मंजू कसेर शामिल हैं।

पढ़ें   बीजापुर में बड़ी मुठभेड़: PLGA बटालियन की तीन महिला नक्सली ढेर, भारी मात्रा में हथियार बरामद

हाइकोर्ट का बड़ा आदेश

छत्तीसगढ़ में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के एक सरकारी स्कूल में पिछले महीने कथित तौर पर कुत्ते का जूठा भोजन छात्रों को परोसे जाने के मामले की सुनवाई के दौरान उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि वह प्रत्येक छात्र को एक महीने के भीतर 25-25 हजार रूपए का भुगतान करे।

इस घटना के बाद प्रभावित बच्चों को रेबीज रोधी टीकों की तीन खुराकें दी गई थी। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने इस मामले का जनहित याचिका (पीआईएल) के रूप में स्वतः संज्ञान लिया था और राज्य से हलफनामा मांगा था। सरकार द्वारा उच्च न्यायालय में प्रस्तुत जांच रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना 28 जुलाई को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के लच्छनपुर गांव के एक सरकारी माध्यमिक विद्यालय में हुई थी।

आज कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, प्रदेश में आज भी जमकर बारिश होगी। राजधानी रायपुर में दिन भर बादल छाए रहने के साथ भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग की तरफ से रायपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, बलरामपुर, रामानुजगंज, कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा, बस्तर, दंतेवाड़ा और बीजापुर समेत कई अन्य इलाकों में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की भी संभावना जताई है।

Share

 

 

 

 

 

You Missed