रायपुर, 21 अगस्त 2025
छत्तीसगढ़ में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। एक मामला महासमुंद जिले का है, जहां ऑयल टैंकर ने एक दिव्यांग बुजुर्ग को कुचल दिया। वहीं दूसरा हादसा बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में हुआ, जिसमें दो बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की जान चली गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

पहला मामला : महासमुंद
महासमुंद के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम यह हादसा हुआ। नयापारा वार्ड नंबर 7 निवासी मारुति राव (72) थोक सब्जी मंडी में काम करने के बाद अपनी तीन पहिया स्कूटी (CG 06 GB 9576) से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बागबाहरा की ओर से आ रहा ऑयल टैंकर (TN 56 K 5799) ओवर ब्रिज के पास उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
टैंकर बुजुर्ग और उनकी स्कूटी को करीब 5 मीटर तक घसीटते हुए ले गया और फिर पोल से टकराकर रुक गया। मौके पर ही मारुति राव की मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने टैंकर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया और वाहन जब्त कर आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। फिलहाल मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
लोगों का कहना है कि तुमगांव ओवर ब्रिज पर भारी वाहनों की आवाजाही से लगातार खतरा बना रहता है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण हादसे रुक नहीं रहे।
दूसरा मामला : बिलासपुर
दूसरी घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र के परसदा बस स्टैंड के पास हुई। यहां मंगलवार देर रात दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
सरगवां निवासी बंशीधर मधुकर (34) किसी काम से लौट रहे थे। इसी दौरान परसदा निवासी राजा मानिकपुरी अपनी बाइक से सामने से आ रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बंशीधर को सिर पर गंभीर चोट आई और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राजा मानिकपुरी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके दोस्त को मामूली चोटें आई हैं। घायलों को इलाज के लिए पहले मस्तूरी और फिर बिलासपुर रेफर किया गया।
ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक बंशीधर के परिजन और ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए मस्तूरी-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इससे सड़क पर लंबा जाम लग गया। बाद में पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाइश दी और कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
👉 पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।





