मध्य प्रदेश, 21 अगस्त 2025
प्रो पंजा लीग सीज़न-2 के सेमीफाइनल में किराक हैदराबाद ने अपने दमदार प्रदर्शन से एमपी हथौड़ास को मात देते हुए फाइनल में जगह बना ली। हैदराबाद ने यह मुकाबला 31-6 के बड़े अंतर से जीता। पिछले सीज़न की उपविजेता रही टीम ने इस बार भी धमाकेदार अंदाज़ दिखाया और आठ में से सात मुकाबले अपने नाम कर लिए।

टूर्नामेंट में लगातार अंक तालिका में शीर्ष पर रही किराक हैदराबाद ने सेमीफाइनल में भी अपनी बादशाहत साबित की। मैच के दौरान अंडरकार्ड और मेन कार्ड दोनों में चार-चार मुकाबले खेले गए, जिससे दर्शकों को भरपूर रोमांच देखने को मिला। इस खास मौके पर ओलंपिक पदक विजेता और पूर्व मुक्केबाज़ विजेंदर सिंह भी मौजूद रहे और उन्होंने रोहतक रॉडीज़ का उत्साह बढ़ाया, जिनका सामना दूसरे सेमीफाइनल में जयपुर वीर से होगा।
अंडरकार्ड मुकाबले
- 60 किलो वर्ग में नवीन एमवी ने आकाश हैंडिक को 2-0 से हराया।
- 90 किलो वर्ग में सिद्धार्थ मलाकर ने रीनो थॉमस को 2-0 से मात दी।
- 55 किलो वर्ग में रचना जाटव ने भावना गोस्वामी को 2-0 से हराया।
- 100 किलो वर्ग में अमित सिंह ने शाजू एयू को 2-0 से मात देकर टीम को मजबूत बढ़त दिलाई।
मेन कार्ड में भी दबदबा
- 65 किलो वर्ग में मधुरा केएन ने ओलिविया डखार को 5-0 से हराया।
- 100+ किलो वर्ग में विश्व चैंपियन आभास राणा ने तुषार अवस्थी को 3-1 से हराकर जीत पक्की की।
- 70 किलो वर्ग में स्टीव थॉमस ने कप्तान त्रिदीप मेधी को 10-0 से हराकर सनसनी फैला दी। फ्लैशपिन्स के लिए मशहूर थॉमस ने तीनों राउंड एक सेकंड से भी कम समय में जीते और चैलेंजर राउंड में मात्र 0.11 सेकंड में पिन कर रिकॉर्ड बना दिया।
- 80 किलो वर्ग में एमपी हथौड़ास के सचिन गोयल और हैदराबाद के कप्तान आस्कर अली का मुकाबला 5-5 से ड्रॉ रहा।
ग्रैंड फिनाले की राह
किराक हैदराबाद ने कुल अंक तालिका में 31-6 की शानदार जीत के साथ लगातार दूसरी बार प्रो पंजा लीग के फाइनल में जगह बनाई।
प्रो पंजा लीग सीज़न-2 का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स 3, डीडी स्पोर्ट्स और फैनकोड ऐप पर देखा जा सकता है, जबकि अंतर्राष्ट्रीय दर्शक इसका लुत्फ ट्रिलर पर उठा सकते हैं।





