प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 26 अगस्त 2025

22 से 24 अगस्त के बीच रायपुर के विवेकानंद भवन इनडोर हॉल में छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय चतुर्थ कुडो चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता कुडो एसोसिएशन छत्तीसगढ़ और खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा मान्यता प्राप्त संघ के सहयोग से संपन्न हुई।
इस अवसर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में इशांत ईश्वरदास महंत ने जानकारी दी कि इस बार प्रतियोगिता में 18 जिलों से लगभग 350 खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कुडो एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के फाउंडर प्रेसिडेंट राजा कौशल सोनी ने भी खिलाड़ियों को जीत की बधाई दी और गुजरात में होने वाली नेशनल चैंपियनशिप के चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी।
इस प्रतियोगिता में रायपुर जिले के 7 खिलाड़ियों ने अलग-अलग पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। सबसे खास बात यह रही कि एक ही परिवार के सभी सदस्य—माता, पिता और बेटी—ने अलग-अलग श्रेणियों में पदक जीते। आरम्भ स्कूल की अतीक्षा महंत ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया, उनकी माता दिव्या महंत ने गोल्ड मेडल जीतकर परिवार की जीत को और भी खास बनाया, जबकि पिता इशांत महंत ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।
अन्य खिलाड़ियों में तनिष पटेल ने गोल्ड मेडल, दामिनी साहू ने सिल्वर, नेहा तुर्काने ने सिल्वर, राधिका धीवर ने ब्रॉन्ज, टिकेश्वर पटेल ने सिल्वर, खिलेंद्र महंत ने सिल्वर, यश दीवान ने ब्रॉन्ज, मुस्कान महंत ने ब्रॉन्ज, साक्षी साहू ने ब्रॉन्ज, रीतू महंत ने ब्रॉन्ज और भूपेश महंत ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर जिले और राज्य का गौरव बढ़ाया।
इस शानदार उपलब्धि पर आरंग विधानसभा के छत्तीसगढ़ युवा कैबिनेट मंत्री राजगुरु खुशवंत साहेब ने सभी खिलाड़ियों को बधाई, शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिए। साथ ही, दो चरण दास महंत, नेता प्रतिपक्ष छत्तीसगढ़ शासन ने भी खिलाड़ियों की सराहना की और उन्हें बधाई संदेश प्रेषित किया।
इस प्रतियोगिता ने न केवल छत्तीसगढ़ में कुडो खेल को बढ़ावा दिया है, बल्कि बेटियों के खेल में दबदबा और पारिवारिक सहयोग की मिसाल भी पेश की है।





