प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 27 अगस्त 2025
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बुधवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बस्तर में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, कई गांव डूब गए हैं, मार्ग बाधित हो चुके हैं और दर्जनों परिवार संकट में हैं। मकान ढह गए, मवेशी बह गए और एक पर्यटक परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। बैज ने मांग की कि सरकार तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करे और ग्रामीणों को हुए नुकसान का मुआवजा जल्द वितरित करे।

“4288 कंपनियां बंद, फिर भी मुख्यमंत्री विदेश में निवेश तलाश रहे”
बैज ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में 4288 कंपनियां बंद हो चुकी हैं। महंगी बिजली और उद्योग विरोधी नीतियों के कारण राज्य के उद्योग दम तोड़ रहे हैं। स्पंज आयरन, रोलिंग मिल, राइस मिल और सहकारी शक्कर कारखाने बंद हो गए हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री जापान और दक्षिण कोरिया में निवेश लाने का दावा कर रहे हैं।
“एनएचएम कर्मचारियों को धमकी देना अनुचित”
बैज ने एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल का समर्थन करते हुए कहा कि सरकार ने विधानसभा चुनाव में नियमितीकरण का वादा किया था, लेकिन 21 महीने बाद भी उसे पूरा नहीं किया गया। इसके उलट कर्मचारियों को बर्खास्त करने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने “मोदी की गारंटी” के नाम पर वादा किया था, अब उससे मुकर रही है।
“50% अमेरिकी टैरिफ मोदी सरकार की कूटनीतिक विफलता”
बैज ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि अमेरिका ने भारतीय उत्पादों पर 50 फीसदी टैरिफ लगा दिया है, जिससे उद्योगों पर विपरीत असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार इसे रोकने में विफल रही है। यदि अमेरिका ऐसा कदम उठा सकता है तो भारत को भी अमेरिकी उत्पादों पर कड़ा रुख अपनाना चाहिए।
“भाजपा कार्यकर्ता ने मांगी इच्छा मृत्यु”
बैज ने सूरजपुर के भाजपा नेता विशंभर यादव का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सभा में जाते समय हादसे का शिकार हुए यादव पर 35 लाख से ज्यादा खर्च हो चुका है और वे स्थायी रूप से विकलांग हो गए हैं। अब उन्होंने मुख्यमंत्री से इच्छा मृत्यु मांगी है। बैज ने कहा कि भाजपा अपने ही कार्यकर्ताओं को भूल गई है, यही उसका असली चरित्र है।



