प्रमोद मिश्रा
बलौदाबाजार, 30 अगस्त 2025

जिले के सेमरिया गांव में शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। रायपुर से लवन की ओर जा रहा पेट्रोल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। टैंकर के पलटते ही उसमें आग लग गई और जोरदार धमाका हुआ। देखते ही देखते पूरा टैंकर आग की लपटों में घिर गया और आसपास का इलाका दहशत से भर गया।
हादसे के दौरान चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचाई। दोनों को मामूली चोटें आई हैं, लेकिन उनकी हालत खतरे से बाहर है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पलारी और गिधपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी पर रोककर बचाव कार्य शुरू किया।
जानकारी के मुताबिक, इस सड़क से महानदी से रेत परिवहन होता है, जिसके कारण सड़कों की हालत काफी खराब हो चुकी है। आशंका जताई जा रही है कि संतुलन बिगड़ने के चलते टैंकर पलट गया और चिंगारी से आग भड़क गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
फिलहाल पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है और दमकल विभाग की टीम आग बुझाने में जुटी हुई है। हादसे से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और सनसनी का माहौल है।





