तखतपुर, 31 अगस्त 2025
तखतपुर थाना क्षेत्र के सूरीघाट में रविवार सुबह मंदिर के पुजारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। सुबह लोगों ने पाठ बाबा मंदिर परिसर में पुजारी जागेश्वर पाठक का शव खून से लथपथ हालत में देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुजारी के सिर पर धारदार हथियार से हमले के गहरे निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अज्ञात आरोपी हत्या को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह भी स्वयं घटनास्थल पहुंचे और मामले की बारीकी से जांच की। मौके पर एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी बुलाया गया है।
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि यह बहुत ही जघन्य हत्या है। प्रारंभिक आशंका है कि किसी बड़ी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया हो, हालांकि अभी तक पुख्ता सबूत नहीं मिले हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





