बीजापुर, 1 सितम्बर 2025
बीजापुर जिले के नैमेड़ स्थित कन्या पोर्टाकेबिन (आवासीय विद्यालय) में नौवीं कक्षा की छात्रा पिंकी कुरसम ने आत्महत्या कर ली। पिंकी मूल रूप से चिनाकवाली गांव की रहने वाली थी।

घटना रविवार शाम की है। जानकारी के मुताबिक, पिंकी ने साथियों के साथ भोजनालय जाने से मना कर दिया और कहा कि वह खाना कमरे में ही खाएगी। लेकिन जब सहपाठिनियां भोजन लेकर लौटीं तो पिंकी कमरे में नहीं मिली। बगल के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। वेंटिलेटर से झांककर देखने पर छात्रा फर्श पर पड़ी दिखाई दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पिंकी ने चुन्नी से पंखे में फांसी लगाने का प्रयास किया था, लेकिन चुन्नी टूटने से वह नीचे गिर गई। स्टाफ ने दरवाजा तोड़कर छात्रा को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सिविल सर्जन डॉ. रत्ना ठाकुर ने बताया कि शव को मोर्चुरी में रखा गया है। पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल टीम गठित कर दी गई है और सोमवार सुबह परिजनों को शव सौंपा जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी लखनलाल धनेलिया ने कहा कि आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। मामले की जांच की जा रही है। इस घटना को लेकर बीजापुर कोतवाली में मामला दर्ज किया गया है।





