प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 01 सितंबर 2025

छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक पूरे प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई है। सोमवार को बस्तर, नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बाकी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। रायपुर समेत कई जिलों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि बस्तर संभाग के जिलों में बाढ़ और लगातार हो रही बारिश से अब भी कई लोग प्रभावित हैं। कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश होने के आसार हैं।
तापमान
पिछले 24 घंटों में दुर्ग का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 22.0 डिग्री पेण्ड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।
मौसमी सिस्टम
- मानसून द्रोणिका (ट्रफ) बीकानेर से रायपुर होते हुए बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है।
- उत्तर ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों में साइक्लोन सर्कुलेशन एक्टिव है।
- 2 सितंबर, मंगलवार को बंगाल की खाड़ी में नया लो प्रेशर एरिया बनने की संभावना है।
लोगों से अपील है कि मौसम विभाग के अलर्ट को गंभीरता से लें, नदियों-नालों के पास जाने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।





