बलरामपुर, 3 सितंबर 2025
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में मंगलवार देर रात भारी बारिश के कारण तातापानी चौकी क्षेत्र स्थित करीब 50 साल पुराना लूतिया डैम टूट गया। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे इलाके में तबाही मचा दी। डैम टूटने से नीचे बसे दो मकान बह गए। हादसे में 2 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 4 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। कई मवेशियों के बहने और मरने की भी आशंका है।

घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर, एसपी समेत जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। देर रात ही एनडीआरएफ और प्रशासन की संयुक्त टीम को राहत व बचाव कार्य में लगाया गया। अभी भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और लापता लोगों की तलाश की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 10 बजे अचानक डैम का बांध टूट गया। पानी का तेज बहाव इतना खतरनाक था कि दो घर क्षणभर में बह गए और वहां रह रहे लोग व मवेशी इसकी चपेट में आ गए। घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।





