प्रमोद मिश्रा
रायपुर/बिलासपुर, 04 सितंबर 2025

हटिया-दुर्ग एक्सप्रेस के जनरल कोच में मंगलवार-बुधवार की रात बड़ा सुरक्षा लापरवाही का मामला सामने आया है। इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस (ITBP) के एएसआई और हेड कॉन्स्टेबल का पिट्ठू बैग ट्रेन से चोरी हो गया। बैग में सर्विस रिवॉल्वर, 4 मैगजीन, 24 जिंदा कारतूस, मोबाइल और 10 हजार रुपए नकद रखे हुए थे। घटना से रेलवे और जीआरपी विभाग में हड़कंप मच गया है।
चांपा से भाटापारा के बीच हुई चोरी
जानकारी के मुताबिक आईटीबीपी के एएसआई वायपी ओझा, हेड कॉन्स्टेबल (टेलीकॉम) जितेंद्र सिंह और कॉन्स्टेबल बुद्ध देव मलिक हटिया से दुर्ग जा रहे थे। रात करीब 3 बजे ट्रेन चांपा स्टेशन पर पहुंची तो वे सो गए। सुबह लगभग 5.50 बजे जब ट्रेन भाटापारा स्टेशन पर पहुंची तो उनकी नींद खुली। उसी दौरान पता चला कि उनका बैग गायब है। तत्काल ही घटना की सूचना कंट्रोल रूम को दी गई।
सीसीटीवी खंगाले गए, दस्तावेज झाड़ियों में मिले
घटना के बाद चांपा से भाटापारा तक सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की टीम ने बिलासपुर स्टेशन के कैमरों की भी पड़ताल की, लेकिन कोई संदिग्ध फुटेज हाथ नहीं लगा। जांच के दौरान स्टेशन चौक से तितली चौक के बीच झाड़ियों में शिकायतकर्ता के दस्तावेज और कपड़े बरामद हुए। हालांकि हथियार और बैग का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
जवानों पर गिरी गाज, सस्पेंड किए गए
मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए मुख्यालय ने एएसआई वायपी ओझा, हेड कॉन्स्टेबल जितेंद्र सिंह और कॉन्स्टेबल बुद्धदेव मलिक को निलंबित कर दिया है। हालांकि इस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं की गई है।
रेलवे और पुलिस की संयुक्त टीम घटना की जांच में जुटी हुई है।





