प्रमोद मिश्रा
बलौदाबाजार, 05 सितम्बर 2025

मगरचबा के पास खोरसी नाला पुल के नीचे किए गए अवैध अतिक्रमण पर आखिरकार प्रशासन ने बुलडोजर चला दिया। तहसीलदार राजू पटेल के नेतृत्व में नगरपालिका की टीम ने शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की।
जानकारी के मुताबिक कलेक्टर दीपक सोनी और एसपी भावना गुप्ता को शिकायत मिली थी कि ग्राम मगरचबा स्थित पुल के नीचे कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है और वहां से नशे की सामग्रियों की बिक्री होती है। इसकी वजह से असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता था और स्थानीय लोग आए दिन परेशान होते थे।
शिकायत पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर दीपक सोनी ने तुरंत एसडीएम को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद नगरपालिका टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध अतिक्रमण हटवा दिया। साथ ही, अतिक्रमण करने वालों को सख्त चेतावनी दी गई कि दोबारा कब्जा करने या अनैतिक कार्य करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इधर, प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली। उन्होंने मांग की कि यहाँ लगातार पेट्रोलिंग की जाए ताकि नशे का अवैध कारोबार पूरी तरह बंद हो सके। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में आगे क्या कदम उठाती है।





