प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 07 सितंबर 2025

छत्तीसगढ़ में अतिवृष्टि के कारण आई बाढ़ से कई जिलों में जन-धन की भारी क्षति हुई है। इस आपदा की घड़ी में पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश मदद के लिए आगे आया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घोषणा की है कि मध्यप्रदेश सरकार की ओर से ₹5 करोड़ की राशि एवं आवश्यक राहत सामग्री छत्तीसगढ़ को भेजी जा रही है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि “पड़ोसी राज्य होने के नाते हमारा दायित्व है कि हर संभव सहायता पहुँचाएँ। इस आपदा की घड़ी में मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ के साथ दृढ़ता से खड़ा है और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।”
इस पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि “आपके इस सौजन्य के लिए हृदय से धन्यवाद मोहन यादव जी। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ न केवल पड़ोसी राज्य हैं, अपितु आत्मीय बंधन से जुड़े परिवार की तरह हैं। आपदा की घड़ी में आपका यह सहयोग निश्चित ही बस्तर संभाग के हमारे प्रभावित जनों को संबल प्रदान करेगा।”
दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों के इस संवाद से आपदा राहत कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।





