प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 08 सितंबर 2025
राजधानी से सटे तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। 14 साल का लड़का गणेश देखने घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। पुलिस और परिजनों की तलाश के बीच 11 दिन बाद उसकी लाश ग्राम कोटा के बड़े तालाब के पास झाड़ियों में कीचड़ में लिपटी मिली। बदबू आने पर ग्रामीणों ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी।

अननैचुरल सेक्स के बाद हत्या
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि नाबालिग के साथ अननैचुरल सेक्स करने के बाद गला घोंटकर उसकी हत्या की गई थी। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज की। आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि नाबालिग को आखिरी बार विजय धीरज (24) के साथ देखा गया था।
पुलिस पूछताछ में टूटा आरोपी
मुख्य आरोपी विजय धीरज को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई। उसने अपराध कबूल करते हुए बताया कि नाबालिग घटना की जानकारी सबको बता देने की धमकी दे रहा था। इसी डर से उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में फेंक दिया।
एक आरोपी नाबालिग भी
इस मामले में कुल तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई है। मुख्य आरोपी विजय धीरज के अलावा कुलदीप बंजारे (22) और एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने इनके खिलाफ हत्या और पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है। कोर्ट में पेश करने पर दोनों बालिग आरोपियों को जेल भेजा गया, जबकि नाबालिग आरोपी को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।





