प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 08 सितंबर 2025
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने सोमवार को विभागीय समीक्षा बैठक ली और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मंत्री ने बताया कि बस्तर और सरगुजा अंचल के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए होटल मैनेजमेंट का निःशुल्क प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा। प्रशिक्षण पर होने वाले व्यय की प्रतिपूर्ति बस्तर एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण के माध्यम से की जाएगी।

समीक्षा बैठक में छत्तीसगढ़ रजत जयंती समारोह की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान मंत्री ने श्री रामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना की जानकारी ली और आगामी चक्रधर समारोह, बस्तर पंडुम तथा रामगढ़ महोत्सव को और बेहतर ढंग से आयोजित करने पर अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करने और उनकी कला को निखारने में सहयोग देने के निर्देश भी दिए।
बैठक में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव रोहित यादव, संचालक संस्कृति विवेक आचार्य सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।





