जशपुर, 08 सितंबर 2025

जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड के जुरूडाड में गणेश विसर्जन की झांकी के दौरान हुए दर्दनाक हादसे ने क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। हादसे में अरविंद केरकेट्टा (19), विपिन प्रजापति (17), खिरोवती यादव (32) और डमरूधर यादव (50) की मौत हो गई, वहीं कई लोग घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव जुरूडाड पहुँचे और मृतकों के परिजनों तथा घायलों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस कठिन घड़ी में भाजपा और सरकार पूरी तरह पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मृतकों के परिजनों को ₹5-5 लाख की आर्थिक सहायता और घायलों को ₹50,000 की सहायता राशि तत्काल उपलब्ध कराने की घोषणा की है।
इसी बीच पीड़ित परिवारों ने बताया कि अंतिम संस्कार के समय कांग्रेस नेताओं ने उन्हें भड़काने और शवों को सड़क पर लाकर ₹50 लाख दिलाने का प्रलोभन देने का प्रयास किया। इस पर जूदेव ने कांग्रेस की तीखी आलोचना करते हुए कहा –
“यह राजनीति का सबसे घृणित और अमानवीय चेहरा है। मृतक के शव पर राजनीति करना नीचता की पराकाष्ठा है। कांग्रेस पार्टी को मृतक परिवारों और समाज से सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।”
उन्होंने आश्वस्त किया कि भाजपा हर जरूरत की घड़ी में पीड़ितों के साथ खड़ी रहेगी।
इस मौके पर जशपुर भाजपा जिला महामंत्री मुकेश शर्मा, बगीचा जनपद उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य गेंद बिहारी, संकर गुप्ता, पूर्व जिला उपाध्यक्ष भाजपा एवं युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष रित्विक जैन, शुभम बंसल, अजय सोनी, भीतरघरा उसरपंच शिवा यादव, वरूण जैन, राजकिशोर जयसवाल, पवन सिंह, हरीश आरीक, बेनुधर यादव, दुर्गेश शर्मा, केशव यादव समेत अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।





