जांजगीर-चांपा, 09 सितंबर 2025
जिले के चांपा थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी महिला ने बताया कि वह रोज़ शराब पीकर आने वाले और उसकी चरित्र पर शक करने वाले पति से परेशान थी।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक सोमराज बड़ाइक (40) मंझली गांव का निवासी था। उसकी पत्नी दुर्गा बड़ाइक (37) ने 7 सितंबर की शाम 6-7 बजे के बीच शराब के नशे में घर लौटे पति से झगड़ा करने के बाद रात 8-9 बजे के बीच मौका पाकर तकिए से मुंह दबाया और फिर गला घोंटकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद दुर्गा ने अपने भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी और फिर चांपा थाने में सरेंडर कर अपनी गिरफ्तारी दी। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
चांपा थाना प्रभारी जय प्रकाश गुप्ता ने बताया कि आरोपी महिला दुकानों में झाड़ू लगाने का काम करती थी और पति सोमराज ड्राइवरी का काम करता था। घटना स्थल से तकिया जब्त किया गया है। शव का पोस्टमॉर्टम कर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।





