प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 09 सितंबर 2025

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आज आयोजित कैबिनेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।
नक्सल शहीद का सम्मान
सुकमा जिले में 09 जून 2025 को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान हुए बम विस्फोट में शहीद हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरेपूंजे की वीरता को सम्मानित करते हुए उनकी पत्नी स्नेहा गिरेपूंजे को राज्य पुलिस सेवा में उप पुलिस अधीक्षक के पद पर अनुकंपा नियुक्ति दी जाएगी।
सौर ऊर्जा नीति में बदलाव:
कैबिनेट ने पारंपरिक ऊर्जा पर निर्भरता कम करने और गैर-पारंपरिक ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए राज्य की सौर ऊर्जा नीति में संशोधन किया। नई नीति 2030 तक लागू रहेगी।
- सौर ऊर्जा परियोजनाओं को अब औद्योगिक नीति के तहत प्राथमिकता उद्योग का दर्जा मिलेगा।
- निवेशकों को ब्याज अनुदान, पूंजी लागत पर अनुदान, जीएसटी प्रतिपूर्ति, बिजली एवं स्टाम्प शुल्क में छूट, भूमि उपयोग फीस में छूट जैसी कई रियायतें मिलेंगी।
- अनुसूचित जाति/जनजाति, दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक और तृतीय लिंग समुदाय के उद्यमियों को भी विशेष छूट दी जाएगी।
- मेगा और अल्ट्रा मेगा प्रोजेक्ट्स के लिए विशेष पैकेज का प्रावधान किया गया है।
लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष का नियुक्ति:
सुश्री रीता शांडिल्य को, जो वर्तमान में लोक सेवा आयोग की सदस्य एवं कार्यकारी अध्यक्ष हैं, आयोग के अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया जाएगा।
मीडिया कर्मियों की पेंशन में वृद्धि:
छत्तीसगढ़ वरिष्ठ मीडिया कर्मी सम्मान निधि के तहत सेवानिवृत्त मीडिया कर्मियों को दी जाने वाली मासिक सम्मान राशि 10 हजार रुपये से बढ़ाकर 20 हजार रुपये कर दी गई है।
इस बैठक में लिए गए निर्णय राज्य के विकास, ऊर्जा क्षेत्र और समाज के विभिन्न वर्गों को सीधे लाभ पहुंचाने वाले हैं।





