12 Mar 2026, Thu
Breaking

आज की बड़ी खबरें : CM विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में ‘मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण’ की बैठक कोरबा में…कोरबा में जुटेंगे प्रदेश के दिग्गज मंत्री…लोकरंग पर्व का दूसरा दिन…रायपुर सहित कई जिलों में बारिश की संभावना…पढ़ें आज की सभी बड़ी खबरें

प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 10 सितंबर 2025

छत्तीसगढ़ की उर्जाधानी कोरबा में आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 11 बजे कलेक्टोरेट सभागार में मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है। इसमें प्रदेश सरकार के लगभग आधा दर्जन से अधिक वरिष्ठ मंत्री, दो उप मुख्यमंत्री और प्राधिकरण के सभी सदस्य शामिल होंगे।

 

बैठक में डिप्टी सीएम अरुण साव, डिप्टी सीएम विजय शर्मा, आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, आदिवासी विकास मंत्री गुरु खुशवंत, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और वन मंत्री केदार कश्यप विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। इनके साथ ही शासन स्तर के अन्य मंत्री 51 सदस्य और 24 विशेष आमंत्रित सदस्य भी शामिल होकर अपने सुझाव, विचार और शिकायत रखेंगे।

इस प्राधिकरण के अंतर्गत कोरबा, गोरेला- पेंड्रा – मरवाही, मोहला मानपुर – अंबागढ़ चौकी, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, राजनांदगांव, बलौदाबाजार-भाटापारा, सारंगढ़ – बिलाईगढ़, बालोद, खैरागढ़ – छुईखदान – गंडई, कबीरधाम, बिलासपुर, रायगढ़ और सक्ती जिले आते हैं। बैठक में इन जिलों से जुड़े विकास कार्यों की समीक्षा के साथ नई प्राथमिकताओं और प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। बैठक की गरिमा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कलेक्टर अजीत वसंत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने अधिकारियों की बैठक लेकर सभी तैयारियों का जायजा लिया। कलेक्टोरेट परिसर में पार्किंग, बेरिकेडिंग, पेयजल, विद्युत, रोड क्लीयरेंस, एंट्री-एग्जिट प्वाइंट्स जैसी व्यवस्थाओं को पुख्ता किया गया है। साथ ही विभागीय स्टॉल भी लगाए गए हैं, जहां हितग्राही अपनी बातें सीधे मुख्यमंत्री तक रख पाएंगे।
लोक रंग पर्व 2025 का दूसरा दिन

 संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा लोक रंग पर्व 2025 का आयोजन 9 से 13 सितम्बर तक राजधानी रायपुर के महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय स्थित मुक्ताकाशी मंच, सिविल लाइन्स में किया जा रहा है। प्रत्येक शाम 7 बजे से पारंपरिक छत्तीसगढ़ी लोकगाथा, लोकसंगीत, लोकनृत्य और नाचा-गम्मत की प्रस्तुतियाँ होंगी।

पढ़ें   हाईकोर्ट ने रेलवे बोर्ड से माँगा जवाब : मालगाड़ी चला रहे हो तो यात्री ट्रेन क्यों रद्द करते हो, उन्हें भी चलाओ

पांच दिवसीय इस पर्व में देवार गीत, करमा नृत्य, पंडवानी, बांसगीत, सुआ नृत्य, भरथरी, ढोलामारू, राउत नाचा, पंथी नृत्य, लोरिक चंदा, संस्कार गायन, जसगीत जैसी विधाओं की विविध प्रस्तुतियाँ होंगी। लोकरंग में प्रदेशभर से लोक कलाकार शामिल होकर अपनी परंपरागत कला का प्रदर्शन करेंगे।

कार्यक्रम में पारंपरिक लोकगाथा प्रस्तुतियों में भरथरी, पंडवानी, ढोलामारू और लोरिक चंदा, लोकनृत्य में सुआ, करमा और पंथी, लोकगायन में बांसगीत और देवारी गीत तथा लोकसंगीत में ददरिया, जसगीत और संस्कार गायन प्रमुख आकर्षण रहेंगे।

आज का मौसम
मानसून की गतिविधियों पर लगे ब्रेक के बीच मौसम विभाग ने बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में आज यानी बुधवार को जमकर बारिश होगी। मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, जशपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी, सूरजपुर और सरगुजा जिले में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है।
Share

 

 

 

 

 

You Missed