प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 14 सितंबर 2025

राजधानी रायपुर अक्टूबर माह में भक्ति और आध्यात्म की गंगा में डुबकी लगाने को तैयार है। गुढ़ियारी की पावन धरा पर 4 से 8 अक्टूबर तक बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीमुख से श्री हनुमंत कथा एवं दिव्य दरबार का भव्य आयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन स्व. पुरषोत्तम अग्रवाल स्मृति फाउंडेशन के तत्वावधान में, युवा समाजसेवी चंदन–बसंत अग्रवाल के नेतृत्व में किया जाएगा।
तैयारियों को गति देने के लिए रविवार, 14 सितंबर को गुढ़ियारी में कार्यक्रम कार्यालय का विधिवत पूजन और शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही एक पत्रकार वार्ता भी हुई, जिसमें मुख्य आयोजक चंदन–बसंत अग्रवाल ने बताया कि यह कार्यालय आयोजन की सभी गतिविधियों और समन्वय का केंद्र होगा।
कार्यालय शुभारंभ के मौके पर विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि और भक्तगण बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। इस अवसर पर रूपनारायण सिंह, लोकेश कावड़िया, लक्ष्मी वर्मा, किशोर महानंद, सिख समाज के वरिष्ठ प्रतिनिधि सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
उद्घाटन के बाद आयोजित बैठक में कथा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं—पंडाल, भंडारा, जल, सुरक्षा, यातायात और लाखों भक्तों के बैठने की व्यवस्था—पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही आयोजन से जुड़े सेवादारों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं, ताकि हर व्यवस्था सुचारू और त्रुटिहीन हो सके।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए बसंत अग्रवाल ने कहा,
“यह हम सभी छत्तीसगढ़वासियों का सौभाग्य है कि पूज्य गुरुदेव पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी एक बार फिर रायपुर की धरा को पवित्र करने आ रहे हैं। उनका आगमन किसी आध्यात्मिक महोत्सव से कम नहीं है। हमारी पूरी टीम का संकल्प है कि कथा श्रवण के लिए आने वाले प्रत्येक भक्त को सहज, सुरक्षित और दिव्य अनुभव प्राप्त हो।”
उन्होंने आगे कहा कि आयोजन की तैयारियों में सभी समाजों का भरपूर सहयोग मिल रहा है और कार्यालय उद्घाटन के बाद अब कार्यों की गति और तेज कर दी गई है।
कार्यालय उद्घाटन के बाद शहर के भक्तों में कथा को लेकर जबरदस्त उत्साह और प्रतीक्षा का माहौल है। रायपुर एक बार फिर एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक आयोजन की मेजबानी के लिए तैयार है।
शुभारंभ अवसर पर महेश शर्मा, विनोद अग्रवाल, श्रवण शर्मा, वीरेंद्र पारख, डॉ. विकाश अग्रवाल, हेमंत साहू, आजाद गुर्जर, रमेश बंसल, पुष्पेंद्र उपाध्याय, जगदेव अग्रवाल, सतनारायण स्वामी, मोहन उपरकार सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।



