प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 15 सितंबर 2025

नवरात्रि के शुभ अवसर पर गरबा नृत्य और धार्मिक आयोजनों में मर्यादा बनाए रखने को लेकर हिंदू संगठन बजरंग दल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने शहर में नवरात्रि के दौरान गरबा के नाम पर अश्लीलता फैलाने वाले आयोजनों पर रोक लगाने और आयोजकों के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर समितियों और गैर-धार्मिक तत्वों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बजरंग दल के प्रदेश प्रवक्ता ऋषि मिश्रा ने बताया कि 22 सितंबर से क्वांर नवरात्रि शुरू होने वाली है। नवरात्रि में मंदिरों और दुर्गा पंडालों में भक्त देवी मां को प्रसन्न करने के लिए गरबा नृत्य का आयोजन होता है, जो भक्ति और संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन भक्ति और मर्यादा के साथ होना चाहिए और किसी भी प्रकार की अश्लीलता या फिल्मी गीतों का आयोजन नहीं होना चाहिए।
गरबा नृत्य के लिए बजरंग दल द्वारा जारी दिशा-निर्देश:
- आयोजन केवल मंदिर परिसर या दुर्गा पंडालों में ही हो।
- गरबा में देवी गीत, धार्मिक गीत और जसगीत ही बजाने की अनुमति हो।
- परंपरागत परिधान और वेशभूषा का पालन अनिवार्य।
- आयोजन रात 12 बजे तक ही सीमित रहे और महिला सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए।
- प्रवेश द्वार एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए हिन्दू बाउंसर ही नियुक्त किए जाएं।
- पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराई जाए और कर्मचारी हिन्दू समाज से ही हों।
- गैर-हिन्दू पुरुष/महिलाओं का सम्मिलन न हो।
- आयोजन स्थल के आसपास नशा और मांसाहारी भोजन सामग्री का विक्रय न हो।
बजरंग दल ने चेतावनी दी कि दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने पर समितियों और गैर-धार्मिक तत्वों पर कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रांत से ऋषि मिश्रा, विभाग से रमन नायडू, रवि वाधवानी, जिला मंत्री बंटी कटरे, जिला संयोजक विजेंद्र वर्मा और रायपुर महानगर के 14 प्रखंडों के कार्यकर्ता उपस्थित थे।





