कोरबा, 16 सितंबर 2025

साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) की कुसमुंडा खदान में मंगलवार सुबह तय समय से पहले हैवी ब्लास्टिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से जटराज, सोनपुरी, पाली, पडनिया सहित आसपास के गांवों और बस्तियों में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि सुबह 8:15 बजे ब्लास्टिंग की गई, जबकि नियमानुसार दोपहर 2:00 बजे ही विस्फोट की अनुमति रहती है। साथ ही, सुरक्षा नियमों के मुताबिक 3 किलोमीटर क्षेत्र को खाली कराना होता है, लेकिन कंपनी द्वारा ऐसा नहीं किया गया।
घटना से नाराज ग्रामीण मौके पर पहुंचे और विभागीय अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई। बाद में जटराज गांव के प्रभावित लोग शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे।
ग्रामीणों का आरोप है कि एसईसीएल ने उनकी जमीन तो अधिग्रहित कर ली, लेकिन अब तक मुआवजा, नौकरी और बसाहट की सुविधा नहीं दी गई है। इस कारण वे लंबे समय से परेशानियों का सामना कर रहे हैं। खदान से लगे कई गांवों के लोग अब भी अपनी जमीन खाली करने को तैयार नहीं हैं और अपनी मांगों पर डटे हुए हैं।





