प्रमोद मिश्रा
रायपुर, 16 सितंबर 2025

अंतर्राष्ट्रीय ओजोन परत संरक्षण दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा राजधानी रायपुर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए वित्त, वाणिज्य कर, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि ओजोन परत का संरक्षण केवल पर्यावरण ही नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है।
चौधरी ने आगे कहा कि ओजोन परत का संरक्षण जीवन बचाने का संकल्प है। हमें ओजोन क्षरणकारी पदार्थों और इनके उपयोग से बने उपकरणों का परित्याग करना चाहिए। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे पर्यावरणीय चेतना को जीवन का हिस्सा बनाएं क्योंकि आने वाले कल का हरित और सुरक्षित भारत इन्हीं के हाथों में है।
मंडल के सदस्य सचिव राजु अगसिमनि ने कहा कि पोस्टर और इन्वायरोथॉन जैसी प्रतियोगिताएं बच्चों को व्यावहारिक दृष्टि से पर्यावरण संरक्षण की ओर प्रेरित करती हैं।
इस अवसर पर स्कूली व महाविद्यालयीन छात्रों के बीच पोस्टर और इन्वायरोथॉन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें लगभग 900 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। “जलवायु परिवर्तन के कारण एवं निदान तथा ओजोन परत संरक्षण – मॉन्ट्रियल प्रोटोकॉल” विषय पर हुई पोस्टर प्रतियोगिता में 550 बच्चों ने भाग लिया, वहीं “Waste to Wealth” थीम पर इन्वायरोथॉन में 350 प्रतिभागी शामिल हुए।
पोस्टर प्रतियोगिता में 12 से 17 वर्ष आयु वर्ग में बी.पी. पुजारी स्कूल रायपुर की कु. नेहा कोसले, 18 से 22 वर्ष वर्ग में शासकीय नागार्जुन विज्ञान महाविद्यालय रायपुर के रोहित कुमार साहू और दिव्यांग वर्ग में शासकीय दिव्यांग महाविद्यालय माना रायपुर के अनमोल पटले ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इन्वायरोथॉन प्रतियोगिता में कक्षा 12वीं तक के वर्ग में राजकुमार कॉलेज के स्वर्णिम कुंज, स्नातक वर्ग में आई.आई.आई.टी. नवा रायपुर की कु. अनुष्का एक्का और स्नातकोत्तर वर्ग में गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के निखिल कसेर विजेता बने।





